AIMIM को बड़ा झटका, ओवैसी का सबसे मुखर चेहरा कांग्रेस में शामिल..!

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को यूपी में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सबसे चर्चित चेहरा सैयद आसिम वकार ने कांग्रेस का दामन थामने का ऐलान कर दिया है।
आज दिल्ली के इंदिरा भवन में* आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हुवे। इस मौके पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद थे।
10 साल बाद टूटा ओवैसी का साथ
आसिम वकार पिछले 10 साल से AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता थे और टीवी डिबेट्स में पार्टी की सबसे मुखर आवाज माने जाते थे। इससे पहले वो 20 साल तक समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक वकार पिछले कुछ समय से AIMIM की यूपी इकाई के फैसलों को लेकर नाराज चल रहे थे। कांग्रेस में उनकी एंट्री में इमरान प्रतापगढ़ी की अहम भूमिका बताई जा रही है।
मिडिया से बातचीत में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया।
कांग्रेस में जाकर ओवैसी पर ही हमला
कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने कहा –
> “AIMIM ऊपर से तो बीजेपी का विरोध करती दिखती है, लेकिन जमीनी हकीकत में उसकी लड़ाई हमेशा कांग्रेस और विपक्षी दलों से ही रही है। मुझे यह तरीका मंजूर नहीं था। भारत में देश से प्यार करने वाले सभी लोगों का लक्ष्य बीजेपी को हटाकर सेक्युलर सरकार बनाना है।”
उन्होंने बंगाल के नेता हुमायूं कबीर का भी जिक्र किया और उन पर बीजेपी का एजेंट होने का आरोप लगाया।
ओवैसी के मिशन यूपी को झटका
यह एक हफ्ते में ओवैसी को दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले AIMIM के प्रमुख चेहरे डॉ. अब्दुल मन्नान ने सपा का दामन थाम लिया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने यूपी में 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन खाता भी नहीं खुला था। 2027 के लिए ओवैसी फिर से मुस्लिम बहुल सीटों पर फोकस कर रहे हैं, ऐसे में वकार का जाना उनकी रणनीति के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।



